गया से संवाददाता नन्का पासवान NPBP NEWS
, गया में आज से चापाकल मरम्मती का अभियान प्रारंभ किया गया। आगामी गर्मी के मौसम में गया जिले के शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित पानी की समस्या के मद्देनजर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा सभी प्रखंडों के लिए चापाकल मरम्मती दल बनाया गया है। जिलाधिकारी श्री अभिषेक सिंह ने मरम्मति दल के 28 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर समाहरणालय परिसर से रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष जल जीवन हरियाली योजना के तहत भी काफी कार्य किये गए हैं, जिसके कारण इस वर्ष वाटर लेवल पूरे गया जिला में विगत वर्ष से बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल एवं मई महीने में चापाकल के सूखने की समस्या कई क्षेत्रों में शुरू हो जाता है। इसी के मद्देनजर पीएचईडी के मरम्मति दल के 28 वाहनों को आज रवाना किया गया है। जिसमें 56 मरम्मती दल हैं, जो गया जिला के सभी प्रखंडों के गांव-गांव में जाकर सूखे हुए चापाकलों की मरम्मति करेंगे और उन्हें पुनः चालू करेंगे। उन्होंने कहा कि गया जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में नल जल योजना के कार्य लगातार चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी टैंकर की व्यवस्था कर दी गई है, जहां भी पानी की समस्या होगी वहाँ टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल- जीवन- हरियाली योजना, लघु सिंचाई योजना एवं मनरेगा द्वारा लंबित कार्य 20 अप्रैल 2020 से प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद है कि इस वर्ष पानी की समस्या नहीं होगी,क्योंकि पूरे बिहार में गया जिला ही ऐसा जिला है जहाँ इस वर्ष जलस्तर अन्य जिलों के मुकाबले सबसे ज्यादा बढ़ा है।
इस अवसर पर उपस्थित उप विकास आयुक्त श्री किशोरी चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री विवेक कुमार उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment