काजियाना के पैसे को लेकर डुमरैल की मस्जिद के दो सचिवों के बीच मारपीट; एक की मौत, दो जख्मी - NPBP NEWS

Breaking

Saturday, 19 September 2020

काजियाना के पैसे को लेकर डुमरैल की मस्जिद के दो सचिवों के बीच मारपीट; एक की मौत, दो जख्मी

पुरैनी थाना क्षेत्र के डुमरैल गांव में मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने और निकाह के काजियाना के पैसे को लेकर दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में एक की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज पुरैनी पीएचसी में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुरैनी थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दास और एएसआई केडी यादव पहुंचे।
इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया। बाद में पूछताछ के बाद चार को छोड़ दिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद परिजन शव लेकर पुरैनी थाने आ गए और आलाधिकारी के आने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने और दोषियों के गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पाकर डीएसपी सतीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस गश्त कर रही है।

नमाजियों को नमाज पढ़ने से रोका और की गाली-गलौज
ग्रामीणों की माने तो डुमरैल गांव में एक मस्जिद है। मस्जिद में वार्ड संख्या-4 तथा 5 के लोग नमाज पढ़ने अाते हैं। वार्ड संख्या-4 के सचिव बकरुददीन हैं जबकि वार्ड संख्या-5 के सचिव मो. सफीक हैं। दोनों सचिव अपने-अपने वार्ड के युवतियों के निकाह के दौरान होने वाले काजियाना के पैसे रखते हैं। गुरुवार को वार्ड संख्या-4 के सचिव बकरुद्दीन की बेटी का निकाह था। लिहाजा उन्होंने काजियाना का पैसा रख लिया था। वार्ड संख्या-5 के सचिव मो. सफीक इस पैसे पर दावा करने लगे। पैसे नहीं देने पर शुक्रवार को जब वार्ड संख्या-4 निवासी नमाजी जुमे की नमाज पढ़ने आए तो सेक्रेटरी मोहम्मद सफीक और उनके पक्षधर द्वारा नमाज पढ़ने से रोक दिया गया तथा उनके साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की गई। जब वार्ड संख्या-4 के लोगों ने मुखिया के पास जाकर इसकी शिकायत की तो उन्होंने अगले दिन पंचायत बैठाने की बात कही। पंचायत की बात सुनकर शनिवार की सुबह वार्ड संख्या-5 के लोग अचानक बकरूद्दीन के घर पर लाठी, डंडा, रॉड से लैस होकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बकरूद्दीन के 50 वर्षीय भाई मोहम्मद सहीम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मोहम्मद जमशेद भी बुरी तरह जख्मी हो गए। मोहम्मद मंतजीम, मोहम्मद ग्यास तथा मोहम्मद बकरूद्दीन को भी गंभीर चोट लगी है।

हत्या मामले में 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना को लेकर मृतक के पुत्र मो. जमदेश ने पुरैनी थाने में आवेदन देकर दस लोगोंं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा कि मो. शमशेर, मो. सफीक, मो. हाजी, मो. रियाज, मो. निहाल, मो. रइश, मो. फारुक, मो. सैयास, मो. फिरोज आदि ने अपने समर्थकों के साथ उनके पिता पर कातिलाना हमला कर उन्हें मौत के घाट उतर दिया। आवेदन के आलोक में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना में शामिल आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
डुमरैल गांव में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। पुलिस घटना की तहकीकात कर परिजनों के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
सतीश कुमार, डीएसपी, उदाकिशुनगंज



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
शनिवार को मौके पर लोगों से पूछताछ करते पुलिस पदाधिकारी।
मृतक के रोते-बिलखते परिजन।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZUlSCH

No comments:

Post a Comment