कोरोना का खतरा टला नहीं है। पटना से लेकर पूरे देश में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक-4 की प्रक्रिया चल रही है। अधिकतर प्रतिबंध हटा लिए गए हैं लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के सहारे की वायरस से बचा जा सकता है।
अनलॉक को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं, पुलिस इसकी निगरानी कर रही है। इसके बाद भी हर दिन अधिक संख्या में लोग नियम तोड़ने के चलते पकड़े जा रहे हैं। अगर आप से भी यह गलती हो रही तो सावधान हो जाइए, जिससे संक्रमण की जद में न आएं। इस लापरवाही में आपको दोहरी चपत लगेगी एक तो संक्रमण का खतरा होगा दूसरे पुलिस की कार्रवाई भी होगी।
सख्त हो रहा प्रशासन
अनलॉक- 4 में मनमानी को लेकर प्रशासन और सख्त हो रहा है। सरकार की सख्ती के बाद जब प्रदेश के जिलों में विशेष अभियान की तैयारी की जा रही है। डीएम पटना कुमार रवि ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक किया है जिसमें अनलॉक- 4 का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क को लेकर भी मनमानी करने वाले राडार पर होंगे। डीएम के निर्देश पर पुलिस विभाग, नगर निगम के साथ जिला प्रशासन की संयुक्त टीम बनाई गई है। मनमानी करने वालों से जुर्माना वसूलने और वाहनों को जब्त करने के साथ उल्लंघन के बड़े मामले में मार्केट से लेकर वेंडर जोन बंद करने का निर्देश दिया है।
ऐसे बढ़ सकती है मुश्किल
प्रदेश में सबसे अधिक संक्रमण के मामले बिना लक्षण वाले हैं। ऐसे में किसके अंदर वायरस है ये पता नहीं होता है। अगर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कोई लापरवाही हुई तो संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। पटना मेडिकल कॉलेज कोविड एक्सपर्ट डॉक्टर पीएन झा का कहना है कि संक्रमण काल में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क को लेकर जागरुक होकर ही बचाव हो सकता है।
24 घंटे में 14 लाख से अधिक वसूले
बिहार पुलिस के अभियान में 17 सितंबर को महज 24 घंटे में पुलिस ने 1426900 रुपए का जुर्माना वसूला है। अनलॉक- 4 का उलंघन करने में एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पूरे प्रदेश से 487 वाहनों को सीज कर दिया गया है। बिहार पुलिस के लिए 24 घंटे में यह बड़ी कार्रवाई रही। प्रदेश में एक सितंबर से 17 सितंबर के बीच दो करोड़ 50 लाख से भी अधिक का जुर्माना वसूला गया है। इन 15 दिनों में 15 एफआईआर हुए जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, 7987 वाहन सीज किए गए। 24 घंटे में 3884 लोगों को बिना मास्क के पकड़ा गया, जिनसे एक लाख 94 हजार दो सौ रुपया जुर्माना वसूला गया। वहीं, पिछले 15 दिनों में इस मामले में 44 लाख 38 हजार 250 रुपए जुर्माना वसूला गया है। वहीं, 15 दिनों में 88 हजार 765 लोगों को बिना मास्क के पकड़ा गया है।
आपकी सुरक्षा के लिए है अपील
डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने अपील की है कि मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। डीएम ने भी कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर अपील की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अनलॉक- 4 का ईमानदारी से पालन करने की अपील की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZNVLxr
No comments:
Post a Comment