दीपावली पर हो रहा था ड्रामा, नकली की जगह असली पिस्तौल से चली गोली और मां-बाप का 'गुलशन' उजड़ गया - NPBP NEWS

Breaking

Monday, 16 November 2020

दीपावली पर हो रहा था ड्रामा, नकली की जगह असली पिस्तौल से चली गोली और मां-बाप का 'गुलशन' उजड़ गया

गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के बासर गांव में सोमवार की देर रात दीपावली पर ड्रामा हो रहा था। इस बीच नकली की जगह असली पिस्तौल से गोली चल गई, जिससे एक नाबालिग की मौत हो गई है। गोली उसके पेट में लगी थी। मृतक गुलशन की उम्र 17 वर्ष बतायी जा रही है। वह अपने माता-पिता का इकलौता चिराग था।

जानकारी के मुताबिक बीते कुछ वर्षों से बासर गांव के युवकों की मंडली दीवाली के मौके पर नाटक का आयोजन करती है। इस बार भी ड्रामा प्ले किया जा रहा था। इसके अलावा नर्तकी के नृत्य का भी आयोजन था। पता चला है कि जो नाटक खेला जा रहा था, उसके किसी एक दृश्य में रिवाल्वर की जरूरत थी। हालांकि ऐसे दृश्य में नकली रिवाल्वर के सहारे ही अभिनय किया जाता था, लेकिन इस बार एक युवक असली रिवाल्वर लेकर सोमवार की रात ग्रीन रूम में पहुंच गया। ग्रीन रूम में असली रिवाल्वर देख नाटक के पात्रों के बीच उत्सुकता बढ़ी और वे उस रिवाल्वर को देखने में जुट गये। इसी बीच उस रिवाल्वर से गोली चल गई और गुलशन के पेट में गोली घुस गयी। गोली चलते ही ग्रीन रूम में अफरातफरी का माहौल हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया
घायल हुए गुलशन को गांव वाले मगध मेडिकल अस्पताल गया में भर्ती कराने के लिए निकले, पर रास्ते में ही गुलशन ने दम तोड़ दिया। देर रात गुलशन की मौत की खबर जब गांव में पहुंची तो लोग सन्न रह गये।

जिसके रिवाल्वर से गोली चली, वह फरार
बताया जा रहा है कि विक्की कुमार रिवाल्वर लेकर ग्रीन रूम में पहुंचा था। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। रिवाल्वर वैध है या अवैध, इस बात की ठोस जानकारी किसी के पास नहीं है। हालांकि गांव के लोगों का कहना है कि रिवाल्वर अवैध ही है। इधर, अतरी थाने की पुलिस ने बताया कि बसरा गांव से गुलशन की डेड बॉडी कब्जे में ले ली गयी है। बॉडी पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजी जा रही है।

इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा की थी पास
गांव वालों का कहना है कि गुलशन ने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा बेहतर अंक के साथ पास की थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता चिराग था। उसके पिता दूसरे प्रदेश में किसी निजी कंपनी में काम करते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
गोली लगने से गुलशन की हुई मौत।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3f48J0p

No comments:

Post a Comment